Breaking News

मानसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों से की सकारात्मक सहयोग की अपील


देश 20 July 2026
post

मानसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों से की सकारात्मक सहयोग की अपील

नई दिल्ली, 20 जुलाई । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार से शुरू हो रहे 18वीं लोकसभा के आठवें (मानसून) सत्र के सफल संचालन के लिए सभी सांसदों से सकारात्मक सहयोग और रचनात्मक सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा, “संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है और यह सत्र जनहित तथा राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा और प्रभावी विधायी कार्यवाही का महत्वपूर्ण अवसर है।”

बिरला ने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य संविधान की भावना, संसदीय परंपराओं और मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उल्लेखनीय है कि कल शाम संसद परिसर में लोकसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई थी। आज सुबह अध्यक्ष बिरला ने एक इसकी तस्वीर साझा करते हुए एक एक्स पोस्ट में यह अपील की है।

लोकसभा अध्यक्ष ने मानसून सत्र के आरंभ पर जारी संदेश में कहा कि दिल्ली में हुई वर्षा ने वातावरण को नई ऊर्जा और ताजगी से भर दिया है। संसद देश की जन-आकांक्षाओं, आशाओं और विश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है तथा सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करने के लिए तैयार है।

अध्यक्ष ने कहा कि अधिकतम विधायी और अन्य संसदीय कार्यों का संपादन सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इससे जनविश्वास मजबूत होगा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा भी बढ़ेगी। उन्होंने सभी सांसदों से आह्वान किया कि वे इस सत्र को सार्थक विमर्श, जनहितकारी निर्णयों और संसदीय गरिमा के अनुरूप संचालित करने के लिए मिलकर प्रयास करें।

You might also like!


RAIPUR WEATHER