Breaking News

12.53 एकड़ खरीदी गई जमीन मापी में निकली सिर्फ 4 एकड़, नगर परिषद बोर्ड बैठक में मचा हड़कंप


देश 16 May 2026
post

12.53 एकड़ खरीदी गई जमीन मापी में निकली सिर्फ 4 एकड़, नगर परिषद बोर्ड बैठक में मचा हड़कंप

किशनगंज, 16 मई । नगर परिषद सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं, विकास योजनाओं एवं डंपिंग यार्ड जमीन खरीद मामले को लेकर जमकर चर्चा हुई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, वार्ड पार्षद एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आगामी बरसात को देखते हुए शहर में जलजमाव एवं नाला सफाई की समस्या प्रमुख मुद्दा रही। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखते हुए नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा लोगों को जलजमाव से राहत दिलाने की मांग की। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि बरसात के दौरान शहरवासियों को परेशानी से बचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्य शुरू किए जाएंगे। बैठक के दौरान जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में लोगों को हो रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई।

पार्षदों ने प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग उठाई। इसके अलावा गौशाला शवदाह गृह मुख्यद्वार के समीप संचालित मांस एवं मछली दुकानों को हटाने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। वहीं बोर्ड बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा महेशबथना स्थित डंपिंग यार्ड की जमीन खरीद में कथित अनियमितता का रहा। बताया गया कि नगर परिषद द्वारा लगभग नौ वर्ष पूर्व 12.53 एकड़ जमीन खरीदी गई थी, लेकिन हालिया मापी में मात्र चार एकड़ जमीन ही पाई गई। इस खुलासे के बाद बैठक में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीर बताते हुए तत्कालीन नगर परिषद अधिकारियों एवं पूर्व मुख्य पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि डंपिंग यार्ड जमीन मामले में जो भी अनियमितता सामने आई है, उसकी लिखित शिकायत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाया जाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER