जगदलपुर, 25 जून । छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ बस्तर संभाग के संभागीय अध्यक्ष अमित कुमार झा ने आज गुरूवार काे मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर वृत्त को एक अनुरोध पत्र लिखा है, जिसमें संविदा नियुक्ति में भर्ती करने की प्रक्रिया को समाप्त करने का आग्रह किया गया है।
पत्र में नए वनरक्षक सहायक ग्रेड 3 की भर्ती को शीघ्र करने तथा उस भर्ती में भी दैनिक वेतन श्रमिकों की भर्ती में भागीदारी ज्यादा से ज्यादा रखने की बात कही है, ताकि दैनिक वेतन श्रमिक जो विगत 10 /15 वर्षों से शासन को अपनी सेवाएं दे रहे हैं उनका नियमितीकरण हो सके। वर्तमान की भाजपा सरकार के द्वारा भी अपने घोषणा पत्र में दैनिक वेतन भोगियों को नियमित करने हेतु वादा किया गया था, इससे दैनिक वेतन भोगियों का नियमितीकरण भी हो जाएगा तथा वनों की सुरक्षा हेतु नए वनरक्षक भी मिल जाएंगे, जिससे नवयुवकों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।







