प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल उज्बेकिस्तान की यात्रा पर जाएंगे। वे दो दिवसीय दौरे पर मध्य एशियाई देश में रहेंगे। प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव के निमंत्रण पर ताशकेंट जाएंगे। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। इससे पहले वे मध्य एशियाई देश की यात्रा 2015, 2016 और 2022 में कर चुके हैं। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव भी 2018 और 2019 में भारत आ चुके हैं। आकाशवाणी से बात करते हुए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन संकाय में मध्य एशियाई अध्ययन के प्रोफेसर राजन कुमार ने कहा कि बार-बार की गई ये यात्राएं ही दर्शाती हैं कि उज्बेकिस्तान भारत के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और जन-संबंधी क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे। वे विकसित भारत 2047 और उज्बेकिस्तान 2030 के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी अपने विचार साझा करेंगे।







