Breaking News

पंजाब: अमृतसर में डयूटी पर तैनात एएसआई की गोली मारकर हत्या


देश 18 September 2026
post

पंजाब: अमृतसर में डयूटी पर तैनात एएसआई की गोली मारकर हत्या

चंडीगढ़, 18 सितंबर। पंजाब के अमृतसर में बीती रात अज्ञात हथियारबंद युवकों ने डयूटी पर तैनात एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब ढाई बजे की है, जब थाना गेट हकीमां में तैनात एएसआई हरजीत सिंह गश्त पर थे। पंजाब पुलिस महानिदेशक ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। घटना की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली है लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार पंजाब के तरनतारन निवासी एएसआई हरजीत सिंह गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में तैनात थे। गुरुवार रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच वह दाना मंडी इलाके में पुलिस ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और फायरिंग कर फरार हो गए।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह को तुरंत अमनदीप अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन उनकी हालत नहीं संभल सकी और उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हमले के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के संगठन की ओर से इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है।

घटना के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। सम्मान स्वरूप सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपए की एक्स-ग्रेशिया राशि और एचडीएफसी बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपए का चेक शहीद के परिवार को दिया जाएगा।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। हमले के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER