Breaking News

छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 24वीं राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ


छत्तीसगढ़ 20 November 2026
post

छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 24वीं राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ

रायपुर, 20 नवम्बर । छत्तीसगढ़ के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आज शुक्रवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में शुभारंभ हुआ।

छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आईआईआईटी के कुलपति ओ.पी. व्यास ने बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए अपने शैक्षणिक एवं शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में एआई की सहायता से विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करना सरल हो गया है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण है सही, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना। बेहतर प्रश्न ही बेहतर समाधान और नई वैज्ञानिक खोजों का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक विद्यार्थी को अपने बच्चे की तरह समझें, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करें और उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने तथा नए प्रयोग करने के अवसर प्रदान करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपनी शोध परियोजनाओं को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। इस मुख्य विषय के अंतर्गत पांच उपविषयों पर बाल वैज्ञानिकों द्वारा शोध परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। राज्य के सभी 33 जिलों से कुल 4,228 बाल वैज्ञानिक समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराया है। अक्टूबर एवं नवम्बर 2026 के दौरान सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपनी शोध परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। राज्यस्तरीय आयोजन में विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। यहां से चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद यह 24वीं राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है।

उद्घाटन सत्र में राज्य समन्वयक डॉ. जेके राय, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू सहित विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिकगण उपस्थित थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER