नई दिल्ली, 24 नवंबर। गुरु नानक जयंती और प्रकाश गुरपुरब के पावन अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश होने की वजह से भारतीय शेयर बाजार में भी आज छुट्टी रहने वाली है। घरेलू शेयर बाजार में छुट्टी होने के कारण आज कोई कामकाज नहीं होगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर इक्विटी, डेरिवेटिव्स, करेंसी और डेट सेगमेंट सहित सभी प्रकार की ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी।
आज शेयर बाजार में ट्रेडिंग हॉलिडे होने के साथ-साथ सेटलमेंट हॉलिडे भी रहेगा। टी+1 सेटलमेंट साइकिल के नियम के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को किए गए सौदों, इंट्रा-डे मुनाफे या एफएंडओ पोजीशन से जुड़ी रकम का क्रेडिट निवेशकों के खातों में अब सीधे बुधवार, 25 नवंबर को ही हो सकेगा।
हालांकि, कमोडिटी बाजार के निवेशकों को कुछ राहत मिलेगी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह का सत्र (सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक) बंद रहेगा, लेकिन शाम पांच बजे के बाद का दूसरा सत्र सामान्य रूप से चालू रहेगा, जिसमें सोना, चांदी और कच्चे तेल जैसे कमोडिटी कॉन्ट्रैक्ट्स में कारोबार किया जा सकेगा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार आज बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, एनडीएस-आरएसटी, ट्राई पार्टी रेपो के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे है। वहीं कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर) सेगमेंट में मॉर्निंग सेशन (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) में छुट्टी रहेगी, लेकिन ईवनिंग सेशन (शाम 5 से रात 11:30/11:55 बजे तक) में सामान्य दिनों की तरह ही कामकाज होगा।
इसी तरह एनएसई में इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट में छुट्टी रहेगी। वहीं कमोडिटी डेरिवेटिव्स और ईजीआर सेगमेंट में सुबह के सेशन में छुट्टी होगी, लेकिन शाम का सेशन (शाम 5 बजे से 11:30/11:55 बजे तक) सामान्य कामकाजी दिनों की तरह खुला रहेगा।
आज की छुट्टी के बाद शेयर बाजार कल यानी 25 नवंबर को अपने नियमित समय (प्री ओपनिंग सेशन सुबह नौ बजे और मुख्य कारोबार 9:15 बजे से) पर पुनः खुलेगा। इस सप्ताह निवेशकों को कुल चार कारोबारी दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार) ही मिलेंगे। वर्ष 2026 में कल की छुट्टी के बाद शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश को छोड़ कर अब साल की अंतिम छुट्टी क्रिसमस के मौके पर 25 दिसंबर को होगी।







