Breaking News

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम के मैदानकर्मियों की जमकर तारीफ की है।


खेल 31 March 2026
post

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम के मैदानकर्मियों की जमकर तारीफ की है।

नई दिल्ली 31 मार्च: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम के मैदानकर्मियों की जमकर तारीफ की है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से मैदान की स्थिति काफी खराब थी और राजस्थान रॉयल्स व चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाला मुकाबला तय समय पर शुरू होना मुश्किल नजर आ रहा था। हालांकि, मैदानकर्मियों की कड़ी मेहनत के चलते मैच समय पर शुरू हुआ और ग्राउंड पर किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आई।

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम के मैदानकर्मियों की प्रशंसा करते हुए देवजीत सैकिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "पर्दे के पीछे के गुमनाम हीरोज को सलाम। पिछले कई दिनों से लगातार बारिश और तय समय से लगभग एक घंटे पहले तक बौछारें पड़ने के बावजूद बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच ठीक समय पर शुरू हुआ। यह शानदार कामयाबी हमारे क्यूरेटर और मैदानकर्मियों के समर्पण, विशेषज्ञता और बिना थके कोशिशों का सबूत है। उनकी कार्यकुशलता ने यह पक्का किया कि खेलने के हालात सभी मुश्किलों के बावजूद मैच के लिए तैयार थे। चाहे बारिश हो या फिर धूप, इन चुपचाप योगदान देने वालों को एक बड़ा सलाम जो खेल को मुमकिन बनाते हैं।"

मैदानकर्मियों की मेहनत राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में भी गई। राजस्थान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की पूरी टीम 127 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। चेन्नई की तरफ से सर्वाधिक 43 रन जेमी ओवरटन ने बनाए। गेंदबाजी में राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि नांद्रे बर्गर ने 26 रन खर्च करके 2 विकेट चटकाए। 128 रनों के लक्ष्य को राजस्थान ने सिर्फ 2 विकेट गंवाकर 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, यशस्वी जायसवाल 36 गेंदों में 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER