जांजगीर-चांपा, 7 मई । जिले में यातायात पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई। सारागांव थाना क्षेत्र के हाईवे रोड पर लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर राहगीरों को धमका रहे युवक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 6 मई 2026 को हाईवे रोड सारागांव क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास एक युवक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह कर रहे थे। उनके साथ आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत भी मौजूद थे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष) निवासी हथनेवरा, थाना चांपा के रूप में हुई। युवक के कब्जे से लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार भी बरामद किया गया।
घटना स्थल सारागांव थाना क्षेत्र में होने के कारण यातायात पुलिस ने आरोपी को थाना सारागांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो हाईवे पर कोई बड़ी आपराधिक घटना हो सकती थी। यातायात पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी टाल दी गई। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।







