Breaking News

बंगाल में अंतिम व्यक्ति तक आयुष्मान भारत योजना पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : शुभेंदु अधिकारी


देश 12 May 2026
post

बंगाल में अंतिम व्यक्ति तक आयुष्मान भारत योजना पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 12 मई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज कहा कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी बाधा के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि वर्षों तक पश्चिम बंगाल के लोग केंद्र सरकार की दूरदर्शी स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रहे। अब डबल इंजन सरकार के साथ आयुष्मान भारत सहित सभी केंद्रीय योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का काम सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब विकास के रास्ते पर लौट आया है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भी राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू होने पर खुशी जताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों को अब दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिलेगा, जो गुणवत्तापूर्ण और सस्ती चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार केंद्रीय योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन को भी सुनिश्चित करेगी।

हाल ही में शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में ‘आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ लागू करने की घोषणा की थी। इसके तहत राज्य के लोग केंद्र सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ उठा सकेंगे।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत संचालित इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस अस्पताल उपचार सुविधा उपलब्ध कराना है। यह योजना सितंबर 2018 में शुरू की गई थी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER