Breaking News

दस दिन में चौथी बार बढ़े ईंधन के दाम, पेट्रोल 2.61 रुपये, डीजल 2.71 रुपये हुआ महंगा |


देश 25 May 2026
post

दस दिन में चौथी बार बढ़े ईंधन के दाम, पेट्रोल 2.61 रुपये, डीजल 2.71 रुपये हुआ महंगा |

नई दिल्ली, 25 मई । पश्चिम एशिया संकट के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज एक बार फिर इजाफा किया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये हैं। पिछले 10 दिन में यह चौथी बढ़ोतरी हैं। नई दरें लागू हो गई हैं।

इंडियन ऑयल के वेबसाइट के मुताबिक राष्टीरय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 99.51 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं, डीजल के दाम 2.71 रुपये बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं, जो पहले 92.49 रुपये प्रति लीटर था।

इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है, जहां 2.87 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में इसका भाव 111.21 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि चेन्नई में कीमत 107.77 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई। इसी तरह कोलकाता में डीजल की कीमत 99.82 रुपये प्रति लीटर हो गई है। मुंबई में डीजल का दाम 97.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में की गई यह वृद्धि वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और रुपये में कमजोरी के बीच की गई है। वैश्विक कच्चे तेल की कीमत बढ़ने और रुपये के कमजोर होने से तेल विपणन कंपनियों की आयात लागत पर दबाव बढ़ा है। इससे पहले शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में 87 पैसे और 91 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई थी।

पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर से हुई बढ़ोतरी पर आम आादमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, "पिछले 10 दिनों में ही पेट्रोल-डीजल की कीमत साढ़े सात रुपये बढ़ गई है। देश में अब ऐसा कोई शहर या राज्य नहीं बचा है जहां पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से कम में मिल रहा हो। एक गरीब आदमी आखिर ईंधन का खर्च कैसे उठाएगा?

उल्लेखनीय है कि ईंधन की कीमतों में 15 मई को पहली बार संशोधन हुआ था। तब से अब तक पेट्रोल और डीजल के दाम कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER