Breaking News

तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव ने दिया इस्तीफ़ा


देश 06 June 2026
post

तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव ने दिया इस्तीफ़ा

चेन्नई, 06 जून । तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शनिवार को उस समय झटका लगा, जब पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन और प्रदेश सचिव सुमति वेंकटेश ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं के इस्तीफे ऐसे समय सामने आए हैं, जब हाल ही में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के बाद राज्य इकाई में राजनीतिक हलचल तेज बनी हुई है।

प्रदेश सचिव सुमति वेंकटेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भारी मन से तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा देने और पार्टी से अपने संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद लिया है और उन्हें अपने निर्णय पर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने प्रदेश सचिव के रूप में कार्यकाल के दौरान सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन देने वाले पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही पार्टी नेतृत्व से उनका इस्तीफा स्वीकार कर उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का अनुरोध किया।

सुमति वेंकटेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा भाजपा के राष्ट्रवाद, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से उन्हें हमेशा प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने कहा कि यही सिद्धांत उनके राजनीतिक जीवन का आधार रहे हैं और भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे।

वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन के इस्तीफे को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि उनके इस्तीफे के कारणों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि इससे पहले तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा था कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई के पद छोड़ने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। उनका कहना था कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और वह किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है। पार्टी अपने सिद्धांतों और संगठनात्मक मजबूती के आधार पर आगे बढ़ती रहेगी।

हालांकि, अन्नामलाई के बाद अब दो और वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफे ने तमिलनाडु भाजपा की आंतरिक स्थिति को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि लगातार सामने आ रहे इस्तीफों से राज्य इकाई के भीतर चल रही गतिविधियों और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से इन इस्तीफों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में सभी की निगाहें भाजपा के अगले कदम और राज्य इकाई में होने वाले संभावित संगठनात्मक बदलावों पर टिकी हुई हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER