Breaking News

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री निवास पर देर रात तक चली सरकार और संगठन के बीच मैराथन बैठक |

post

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री निवास पर देर रात तक चली सरकार और संगठन के बीच मैराथन बैठक |

रायपुर, 19 जून । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास पर गुरुवार देर रात को सरकार और संगठन के बीच साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक एक अहम मैराथन बैठक चली। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट के सभी मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने की। इसमें सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलों को ख़ारिज करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पत्रकारों से कहा कि कि "सभी सेफ हैं और पूरा छत्तीसगढ़ सेफ है"। मुख्यमंत्री निवास में चली यह बैठक देर रात करीब 2 बजे समाप्त हुई, जिसके बाद सभी मंत्री और संगठन के पदाधिकारी मुख्यमंत्री निवास से रवाना हुए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस तरह की बैठक पहली बार नहीं हुई है। सत्ता और संगठन के बीच हर तीन महीने में इस तरह की बैठक होती है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर इस बैठक में रणनीति बनाई गई है। मंत्री और विधायकों को उनके दौरों को लेकर जिम्मेदारी दी गई है। प्रभार क्षेत्रों में दौरों को लेकर समीक्षा की गई है। उन्होंने मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कहा कि इस पर बैठक में कोई बात नहीं हुई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह रूटीन बैठक थी, जिसे मुख्यमंत्री ने बुलाया था। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और नेताओं की जिम्मेदारी पर चर्चा हुई। वन मंत्री मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में सभी के विभागीय कार्यों की समीक्षा हुई, जैसे प्रभार क्षेत्र के दौरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम और मंत्री-विधायकों के क्षेत्र दौरे व उनके कार्यक्रम की समीक्षा शामिल रही।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को अचानक रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के निर्देश दिए थे, जिसके चलते कई मंत्रियों को अपने निर्धारित दौरे तक रद्द करने पड़े थे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER