गयाना, 14 जुलाई । स्पिनर जेडेन लेनॉक्स के करियर के पहले पांच विकेट और न्यूजीलैंड के स्पिन आक्रमण के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
प्रोविडेंस स्टेडियम में स्थानीय समयानुसार सोमवार को खेले गए मुकाबले में लेनॉक्स ने 19 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रैसवेल ने दो-दो विकेट लिए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। जॉन कैंपबेल (43) और अकीम ऑगस्टे (18) ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। ऑगस्टे के आउट होने के बाद कैंपबेल भी सैंटनर का शिकार बने। इसके बाद लेनॉक्स ने कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड को लगातार झटके देकर वेस्टइंडीज को मुश्किल में डाल दिया।
कीसी कार्टी, गुडाकेश मोती, मैथ्यू फोर्ड, आमिर जंगू, विटेल लॉज और अन्य बल्लेबाज भी स्पिनरों के सामने टिक नहीं सके। न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने कुल 9 विकेट अपने नाम किए और पूरी वेस्टइंडीज टीम 36 ओवर में 138 रन पर सिमट गई।
139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को भी शुरुआती झटके लगे। विल यंग (28) अच्छी शुरुआत के बाद आउट हुए, जबकि मार्क चैपमैन रन आउट हो गए। हेनरी निकोल्स भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद डेरिल मिचेल (28) और टॉम लैथम ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए अहम साझेदारी की।
हालांकि मिचेल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के विकेट गिरने से एक समय मुकाबला थोड़ा रोचक हुआ, लेकिन टॉम लैथम (नाबाद 37) और माइकल ब्रैसवेल ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 32.4 ओवर में 141/5 तक पहुंचाकर जीत दिला दी।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब सीरीज का फैसला तीसरे और अंतिम मुकाबले में होगा।
संक्षिप्त स्कोर:
वेस्टइंडीज: 138 ऑलआउट (36 ओवर) – जॉन कैंपबेल 43, आमिर जंगू 24; जेडेन लेनॉक्स 5/19, मिचेल सैंटनर 2/21।
न्यूजीलैंड: 141/5 (32.4 ओवर) – टॉम लैथम नाबाद 37, विल यंग 28, डेरिल मिचेल 28; खारी पियरे 2/33।
परिणाम: न्यूजीलैंड 5 विकेट से विजयी, सीरीज 1-1 से बराबर।







