मुंबई, 15 जुलाई । मुंबई से सटे मीरा रोड शहर में स्थित डालमिया स्कूल में बुधवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन स्कूल की लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, साइंस लैब और कई क्लासरूम जल गए हैं। मीरा रोड पुलिस स्टेशन की टीम आग लगने के कारणों की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह स्कूल बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंजिल पर आग लगी थी। स्कूल प्रबंधन ने स्कूल स्टाफ और सुबह स्कूल में आए सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया था। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ८ गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। आग स्कूल की लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, लैब और कई क्लासरूम तक पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटे के प्रयास से आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।







