Breaking News

केंद्र सरकार ने शुरू की डाक विभाग के आधिकारिक शुभंकर बनाने के लिए प्रतियोगिता


देश 18 July 2026
post

केंद्र सरकार ने शुरू की डाक विभाग के आधिकारिक शुभंकर बनाने के लिए प्रतियोगिता

नई दिल्ली, 18 जुलाई । केंद्र सरकार ने डाक विभाग (इंडिया पोस्ट) का आधिकारिक शुभंकर (मैस्कॉट) तैयार करने के लिए देशभर के नागरिकों से प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। इसके लिए ‘इनोवेट इंडिया मायगव’ प्लेटफॉर्म पर शुभंकर डिजाइन प्रतियोगिता शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य ऐसा ब्रांड एंबेसडर तैयार करना है, जो इंडिया पोस्ट की भरोसेमंद सेवा, जनसंपर्क और डिजिटल नवाचार की पहचान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सके।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, यह प्रतियोगिता 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें कोई भी भारतीय नागरिक भाग ले सकता है। प्रतिभागियों को अपना मौलिक शुभंकर डिजाइन, उसके लिए उपयुक्त नाम तथा एक संक्षिप्त अवधारणा (कॉन्सेप्ट नोट) ‘इनोवेट इंडिया मायगव’ पोर्टल पर ऑनलाइन जमा करना होगा।

प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ तीन शुभंकर डिजाइनों के लिए क्रमशः 75 हजार, 50 हजार और 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सर्वश्रेष्ठ तीन नामों के लिए क्रमशः 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि शुभंकर डिजाइन और नामकरण के लिए पुरस्कार अलग-अलग श्रेणियों में दिए जाएंगे।

प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित शुभंकर इंडिया पोस्ट का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर होगा। इसका उपयोग विभाग के प्रचार-प्रसार अभियानों, डाक टिकटों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, सोशल मीडिया अभियानों तथा अन्य आधिकारिक संचार माध्यमों में किया जाएगा।

डाक विभाग ने छात्रों, डिजाइनरों, कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यह पहल न केवल इंडिया पोस्ट की नई दृश्य पहचान विकसित करने का अवसर है, बल्कि देश की रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मंच भी प्रदान करेगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER