Breaking News

'बंटवारा 1947' का नया टीजर जारी, परिवार की रक्षा के लिए संघर्ष करते दिखे सनी देओल


मनोरंजन 18 July 2026
post

'बंटवारा 1947' का नया टीजर जारी, परिवार की रक्षा के लिए संघर्ष करते दिखे सनी देओल

सनी देओल अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का नया टीजर जारी कर दिया गया है। मोशन पोस्टर और कैरेक्टर पोस्टर्स के बाद सामने आए इस नए टीजर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। टीजर में देश के विभाजन की पृष्ठभूमि में साहस, बलिदान और परिवार की रक्षा के लिए संघर्ष की कहानी की झलक दिखाई गई है।

नए टीजर में सनी देओल एक ऐसे निडर किरदार में नजर आते हैं, जो हर चुनौती का सामना करते हुए अपने परिवार की सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहता है। विभाजन के दौर की हिंसा, दर्द और मानवीय संघर्ष को दर्शाने वाले दृश्यों के बीच उनका दमदार एक्शन और भावनात्मक अंदाज फिल्म के मुख्य कथानक की झलक पेश करता है। टीजर इतिहास के उस दौर को भी सामने लाता है, जिसने करोड़ों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER