Breaking News

मप्र को आज मिलेगी चार नई हवाई सेवाओं की सौगात


देश 09 August 2026
post

मप्र को आज मिलेगी चार नई हवाई सेवाओं की सौगात

भोपाल, 09 अगस्त। मध्य प्रदेश को आज चार नई हवाई सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में इन सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से रीवा की पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार, अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार, अपर मुख्य सचिव विमानन, संजय कुमार शुक्ला, विमानन आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला, भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने बताया कि इन नई सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश की आंतरिक एवं अंतरराज्यीय हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। इन सभी घरेलू हवाई मार्गों को मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार की नीति के अंतर्गत अब तक आठ नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर हवाई सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि चार नए मार्गों पर सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। नीति के अंतर्गत पहले प्रारंभ किए गए मार्गों में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं। जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा प्रदेश के भीतर हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इससे राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क और सुदृढ़ होगा। इसी प्रकार भोपाल-पटना सीधी उड़ान से मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा और मध्य प्रदेश में निवासरत बिहार की बड़ी आबादी के साथ यात्रियों, व्यापारियों एवं कारोबारियों को सुविधा मिलेगी। रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER