सिनसिनाटी, 18 अगस्त । जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने सिनसिनाटी ओपन के चौथे दौर में जगह बना ली है। ज्वेरेव ने कड़े मुकाबले में सोमवार को फ्रांस के टेरेन्स अटमाने को 7-6(4), 7-6(8) से हराया।
दूसरे सेट के टाईब्रेक में ज्वेरेव के पास 6-4 के स्कोर पर दो मैच प्वाइंट थे। अटमाने ने पहले मैच प्वाइंट पर शानदार ऐस लगाकर बचाव किया, जबकि दूसरे पर ज्वेरेव ने डबल फॉल्ट कर दिया और स्कोर 6-6 हो गया। हालांकि, 29 वर्षीय जर्मन खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार दो अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उन्होंने दो घंटे नौ मिनट में सीधे सेटों में जीत दर्ज की।
19 वर्षीय जोदार का शानदार अभियान जारी
इस बीच 19 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी राफेल जोदार ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अलेजांद्रो टेबिलो को 6-2, 6-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में प्रवेश किया। जोदार ने महज 75 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया। वह इस दशक में सिनसिनाटी में राउंड ऑफ 16 में पहुंचने वाले कार्लोस अल्काराज और बेन शेल्टन के बाद तीसरे किशोर खिलाड़ी बन गए हैं।
अब जोदार का सामना विश्व नंबर-10 फ्लावियो कोबोली से होगा।
कोबोली ने कड़े मुकाबले में अलेक्जेंडर ब्लॉक्स को 7-5, 4-6, 7-5 से हराया। निर्णायक सेट में 3-5 से पिछड़ने के बाद इटली के 24 वर्षीय खिलाड़ी ने लगातार चार गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।
फिल्स ने नौवीं वरीयता प्राप्त लेहेका को चौंकाया
अन्य मुकाबले में फ्रांस के आर्थर फिल्स ने नौवीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका को 6-1, 6-7(7), 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। दूसरे सेट के टाईब्रेक में फिल्स के पास 7-6 पर मैच प्वाइंट था, लेकिन लेहेका ने उसे बचाकर मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। फिल्स ने दो घंटे एक मिनट में जीत दर्ज की।
अब फिल्स का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनॉर से होगा।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने बारिश के कारण तीन बार बाधित हुए मुकाबले में आर्थर फेरी को 7-5, 7-6(3) से हराया।
डी मिनॉर दूसरे सेट में एक समय 5-1 से आगे थे, लेकिन फेरी ने लगातार छह गेम जीतकर 6-5 की बढ़त बना ली। हालांकि, डी मिनॉर ने दबाव में धैर्य बनाए रखा और टाईब्रेक में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे सेटों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।







