नई दिल्ली, 19 अगस्त। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
ग्लोबल बॉन्ड की बिकवाली और कच्चे तेल की बढ़ती कीमत की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार कमजोर सेंटीमेंट बना रहा। इसकी वजह से डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 116 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.69 प्रतिशत टूट कर 7,691.76 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 355.20 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 26,289.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.10 प्रतिशत लुढ़क कर 53,292.38 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,728.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,509.36 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 210.25 अंक यानी 0.80 प्रतिशत फिसल कर 26,128.36 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता हैंग सेंग इंडेक्स 59.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,531 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 72 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,107 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.27 प्रतिशत लुढ़क कर 5,686.17 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया है। फिलहाल यह सूचकांक 398.53 अंक यानी 5.80 प्रतिशत टूट कर 6,471.30 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
निक्केई इंडेक्स में भी आज जबरदस्त कमजोरी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 1,871.73 अंक यानी 2.77 प्रतिशत फिसल कर 65,589 अंक के स्तर पर तक गिर गया है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में भी आज काफी कमजोरी बनी हुई है। फिलहाल यह सूचकांक 78.13 अंक यानी 1.96 प्रतिशत लुढ़क कर 3,912.17 अंक के स्तर तक आ गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 526.28 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 44,782.40 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.51 प्रतिशत लुढ़क कर 1,613.27 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.38 प्रतिशत फिसल कर 6,425.48 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।







