Breaking News

मुख्यमंत्री साय आज 'अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना' के तहत निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों का सम्मान करेंगे

post

मुख्यमंत्री साय आज 'अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना' के तहत निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों का सम्मान करेंगे

रायपुर, 24 अगस्त । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सोमवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों का सम्मान करेंगे। श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित 'अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना' के तहत यह समारोह दोपहर 12 बजे आयोजित होगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अध्यक्षता करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, श्रमिक परिवारों एवं प्रदेशभर से आए हितग्राहियों की सहभागिता रहेगी।

समारोह में वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शैक्षणिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 में कक्षा छठवीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित करेंगे। इससे श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।राज्य सरकार का कहना है कि श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 'अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना' के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER