Breaking News

रूस में उत्तर कोरियाई सैनिकों की नई तैनाती का संकेत नहीं : दक्षिण कोरियाई सेना


विदेश 24 August 2026
post

रूस में उत्तर कोरियाई सैनिकों की नई तैनाती का संकेत नहीं : दक्षिण कोरियाई सेना

सियोल, 24 अगस्त । दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, रूस में उत्तर कोरियाई सैनिकों की तत्काल नई तैनाती के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, उत्तर कोरिया अतिरिक्त सैनिकों को रूस भेजने की संभावित तैयारी जारी रखे हुए है।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप

के मुताबिक, दक्षिण कोरियाई मुख्य विपक्षी दल ‘पीपल पावर पार्टी’ के सांसद यू योंग-वोन ने रविवार को सेना की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। सांसद को सौंपी गई रिपोर्ट में रक्षा खुफिया एजेंसी (डीआईए) ने कहा कि उत्तर कोरिया तैनाती की तैयारी जारी रख रहा है, लेकिन अतिरिक्त सैनिकों की तत्काल तैनाती से संबंधित कोई गतिविधि सामने नहीं आई है।

दक्षिण कोरियाई खुफिया आकलन ऐसे समय सामने आया है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पिछले महीने दावा किया था कि रूस यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में मदद के लिए अपने दक्षिण-पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र में करीब 30 हजार अतिरिक्त उत्तर कोरियाई सैनिकों को तैनात करने की तैयारी कर रहा है।

दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उत्तर कोरिया आंतरिक स्तर पर अतिरिक्त सैनिक भेजने की संभावना के लिए तैयारी कर रहा है। हालांकि, अभी तक जमीन पर ऐसी कोई गतिविधि नहीं देखी गई है, जिससे तत्काल तैनाती की पुष्टि हो सके।

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन की बहन और प्रभावशाली नेता किम यो-जोंग ने पिछले सप्ताह जेलेंस्की के अतिरिक्त सैनिक भेजे जाने के दावे को पूरी तरह निराधार बताया था।

उत्तर कोरिया और रूस के बीच सैन्य सहयोग बढ़ने के बाद से ही प्योंगयांग की ओर से रूसी सेना को सैनिक और हथियार उपलब्ध कराने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बनी हुई है।

दक्षिण कोरियाई रक्षा खुफिया एजेंसी के अनुमान के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने अक्टूबर 2024 से अब तक रूस में 16 हजार से अधिक सैनिक भेजे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में सैनिकों के मारे जाने या घायल होने की आशंका जताई गई है।

डीआईए का यह भी आकलन है कि उत्तर कोरिया ने रूस को 1.5 करोड़ से अधिक आर्टिलरी शेल यानी तोप के गोले उपलब्ध कराए हैं।

दक्षिण कोरियाई सेना की ताजा रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि उत्तर कोरिया रूस को सैन्य सहयोग जारी रखने की तैयारी में है, लेकिन फिलहाल नई बड़ी सैन्य तैनाती के ठोस संकेत सामने नहीं आए हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER