नई दिल्ली, 04 सितंबर । पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के कुछ देर बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली गिरावट भी आई, लेकिन पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। खरीदारी के सपोर्ट से इन दोनों सूचकांकों की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.65 प्रतिशत और निफ्टी 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 504.16 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,657.02 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से पहले 20 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 125 अंक अधिक फिसल कर 76,529.50 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 491.93 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,644.79 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 37.45 अंक यानी 0.16 प्रतिशत उछल कर 23,910.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया और लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 23,962.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद इस सूचकांक की चाल में एक बार फिर थोड़ी गिरावट आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 65.20 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,938.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,882 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,864 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,018 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर तीन शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 31 शेयर हरे निशान में और 19 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से एचडीएफसी लाइफ, ट्रेंट लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 2.43 प्रतिशत से लेकर 1.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, आयशर मोटर्स, मारुति सुजुकी, सिप्ला और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 1.24 प्रतिशत से लेकर 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 417.49 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,152.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,873.45 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।







