Breaking News

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की पहल, बाजार में ही मिल रही मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट की सुविधा


छत्तीसगढ़ 07 September 2026
post

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की पहल, बाजार में ही मिल रही मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट की सुविधा

बलरामपुर, 07 सितंबर । सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में हाट-बाजारों के माध्यम से हेलमेट उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा स्थानीय मोटरसाइकिल डीलरों के सहयोग से प्रमुख साप्ताहिक बाजारों में अस्थायी हेलमेट स्टॉल लगाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में रामचंद्रपुर के डिंडो साप्ताहिक बाजार में लगाए गए हेलमेट स्टॉल से वाहन चालकों ने स्वप्रेरणा से हेलमेट खरीदे। हेलमेट खरीदने वाले ग्रामीणों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के जोखिम से खुद को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उन्होंने हेलमेट लिया है। उनका कहना था कि सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम उनके साथ-साथ परिवार के भविष्य की सुरक्षा से भी जुड़ा है।

ग्रामीण अंचलों में साप्ताहिक हाट-बाजार आवागमन और खरीदारी के प्रमुख केंद्र होते हैं। ऐसे स्थानों पर हेलमेट स्टॉल लगाए जाने से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले वाहन चालकों को बाजार में ही मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट उपलब्ध हो रहे हैं। इससे उन्हें हेलमेट खरीदने के लिए अलग से शहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

स्टॉल के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। परिवहन विभाग की ओर से दोपहिया वाहन चालकों को समझाया जा रहा है कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोट से बचाव के लिए भी जरूरी है।

जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने जिले के सभी दोपहिया वाहन चालकों से स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट का नियमित उपयोग करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER