Breaking News

धुले में फायरिंग से दहशत, कोई हताहत नहीं


शहर 28 September 2026
post

धुले में फायरिंग से दहशत, कोई हताहत नहीं

मुंबई, 28 सितंबर । महाराष्ट्र के धुले जिले के व्यस्ततम इलाके मनोहर चित्रमंदिर इलाके में बीती रात करीब चार राउंड फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही धुले सिटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी के सहयोग से मामले की छानबीन कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को देर रात जूना आगरा रोड स्थित मनोहर चित्रमंदिर के पास पुराने विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए थे। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। इसी झड़प के दौरान कुछ युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए। इससे बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान कुछ संदिग्धों ने कथित तौर पर हवा में करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही धुले सिटी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि फायरिंग और मारपीट की घटना पुराने विवाद से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

इस मामले में धुले सिटी पुलिस स्टेशन में संदिग्ध आरोपिताें के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फायरिंग करने वाले संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें भी तलाश में जुटी हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER