Breaking News

मंत्रालय में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने की वसई के लंबित मुद्दों पर मुख्यमंत्री फडणवीस से चर्चा


शहर 07 October 2026
post

मंत्रालय में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने की वसई के लंबित मुद्दों पर मुख्यमंत्री फडणवीस से चर्चा

मुंबई, 07 अक्टूबर। वसई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न लंबित मुद्दों को सरकारी स्तर पर गति देने के लिए, वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और वसई के कई महत्वपूर्ण व लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में मुख्य रूप से जिला परिषद स्कूलों को वसई-विरार महानगर पालिका को स्थानांतरित करने के मुद्दे पर बातचीत की गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही इस संबंध में शासनादेश जारी किया जाएगा।इसके साथ ही, वसई-विरार महानगरपालिका में इंजीनियरों, सहायक आयुक्तों और अन्य महत्वपूर्ण रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने, विधानमंडल के सत्र में वसई के विभिन्न मुद्दों पर सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों को पूरा करने, तथा अतिरिक्त निर्माण प्रमाणपत्र दी गई इमारतों को भोगवटा प्रमाणपत्र (ओसी) मिलने से संबंधित लंबित मुद्दों पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर विस्तृत चर्चा की गई।

नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल से मुलाकात कर वसई के विभिन्न शहरी विकास कार्यों और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया गया। इस बैठक में विशेष रूप से अतिरिक्त निर्माण प्रमाणपत्र दी गई इमारतों को भोगवटा प्रमाणपत्र मिलने के प्रश्न पर भी विस्तार से चर्चा की गई।नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता के साथ भी वसई के नगर नियोजन (टाउन प्लानिंग) और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें मुख्य रूप से हरित पट्टी (ग्रीन जोन) में चटई क्षेत्र निर्देशांक (एफएसआई) का मुद्दा, जो इलाके पहले ग्राम पंचायत की सीमा में थे और अब महानगर पालिका में शामिल हो चुके हैं वहां के पुराने मकानों के पुनर्विकास और मरम्मत में आ रही परेशानियां, उसके लिए नगर नियोजन विभाग के नियमों और शर्तों को शिथिल (कम) करने की आवश्यकता, तथा बावखल (पारंपरिक जल निकायों) से संबंधित मुद्दे शामिल थे।इसी के साथ मंत्रालय में गर्भधारण-पूर्व और प्रसव-पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम' के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में विधायक स्नेहा दुबे पंडित उपस्थित रहीं। यह बैठक राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर की प्रमुख उपस्थिति में और राज्य स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की अध्यक्षा नीलम गोऱ्हे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति की सदस्य मनीषा कायंदे और उमा खापरे भी उपस्थित थीं। इस बैठक में राज्य के फर्जी डॉक्टरों की खोज कर उनकी सूची प्रकाशित करने, सोनोग्राफी केंद्रों का दौरा कर जांच करने तथा इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

You might also like!


RAIPUR WEATHER