Breaking News

कोल्ड स्टोरेज पर एफडीए की कार्रवाई


शहर 19 October 2026
post

कोल्ड स्टोरेज पर एफडीए की कार्रवाई

मुंबई, 19 अक्टूबर । महाराष्ट्र अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने छत्रपति संभाजीनगर जिले में दो कोल्ड स्टोरेज पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान कुल 1,97,480 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसका मूल्य करीब 4.19 करोड़ रुपये है। इसमें मिर्च पाउडर, किशमिश, गुड़ और मक्खन शामिल हैं। दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार, पैठन तहसील के बडकिण स्थित मेसर्स ओवरहाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के कोल्ड स्टोरेज से 1,65,805 किलो सामग्री जब्त की गई। इसकी कीमत 3,89,40,350 रुपये है। इसमें 15,048 किलो ब्रांडेड मिर्च पाउडर, 1,25,648 किलो बिना लेबल वाला मिर्च पाउडर और 25,109 किलो किशमिश का समावेश है। जांच में पाया गया कि खाद्य पदार्थों के अनुरूप तापमान बनाए रखने वाली मशीनें चालू नहीं थी। कोल्ड स्टोरेज की उचित देखभाल नहीं हो रही थी और सामान को पैलेट पर सही तरीके से रखने के बजाय अस्त-व्यस्त ढंग से जमा किया गया था। कीट नियंत्रण की अधिकृत व्यवस्था और कर्मचारियों के लिए जरूरी व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री भी उपलब्ध नहीं थी।

दूसरी कार्रवाई गंगापुर तहसील के शिवराई स्थित मेसर्स मराठवाड़ा कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड पर की गई। यहां से 31,675 किलो गुड़, किशमिश और मक्खन जब्त किया गया. इसकी कीमत 30,07,284 रुपये बताई गई है। परिसर में अपर्याप्त रोशनी, हाथ धोने की सुविधा का अभाव, तापमान का रिकॉर्ड नहीं रखने और कचरे के समय पर निपटारे में लापरवाही जैसी खामियां पाई गई थी। इसके अलावा पुणे जिले के चाकण और निघोजे में भी जांच के बाद दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER