गडचिरोली, 15 नवम्बर ।, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को गडचिरोली जिला खेल परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, व्यायामशाला (जिम) और बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद बैडमिंटन रैकेट थामकर नए हॉल में खेल का आनंद लिया और अनूठे अंदाज में बैडमिंटन हॉल का शुभारंभ किया।
नए खेल परिसर के शुरू होने से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और खेल कौशल विकसित करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासनिक भवन से खेल संबंधी काम को गति मिलेगी, जबकि आधुनिक व्यायामशाला के खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, नए बैडमिंटन हॉल से जिले के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर खेल सुविधाओं के विस्तार के महत्व को दर्शाया। इन सुविधाओं से गडचिरोली के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। इससे जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उईके, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल, आदिवासी विकास राज्य मंत्री इंद्रनील नाईक, विधायक धर्मरावबाबा आत्राम, विधायक डॉ. मिलिंद नरोटे, पूर्व सांसद अशोक नेते, पूर्व विधायक डॉ. देवराव होळी सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







