पुणे, 20 नवंबर । महाराष्ट्र सरकार ने बारामती हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 132 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।
मीडिया की दी गई जानकारी में बताया गया कि हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस स्वीकृत राशि में से करीब 64 करोड़ रुपये रनवे, सुरक्षा क्षेत्र, एटीसी टावर, फायर स्टेशन, सुरक्षा दीवार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खर्च होंगे। वहीं, लगभग 68 करोड़ रुपये हवाई अड्डे के संचालन संबंधी जरूरतों के लिए निर्धारित किए गए हैं। योजना के तहत रनवे की मरम्मत और दोबारा कारपेटिंग, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन चिकित्सा कक्ष और आधुनिक अग्निशमन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विमान दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष फायर क्रैश टेंडर की व्यवस्था भी की जाएगी।
गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को हुए विमान हादसे के बाद बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल उठे थे। इस दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण की मांग तेज हुई। गौरतलब है कि एयरपोर्ट के प्रबंधन और विकास की जिम्मेदारी एमआईडीसी से महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई थी।
बारामती एयरपोर्ट पर मुख्य रूप से फ्लाइंग ट्रेनिंग और चार्टर विमान सेवाएं संचालित होती हैं। प्रस्तावित विकास से प्रशिक्षण संस्थानों और निजी विमानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। अब परियोजना की टेंडर प्रक्रिया और क्रियान्वयन पर नजर रहेगी।







