मुंबई, 16 अप्रैल । बीएमसी की स्टैंडिंग कमिटी की बैठक से बुधवार को एक महिला नगरसेवक के पर्स से 20 हजार रुपये चोरी हो गए। इस घटना से मनपा प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्टैंडिंग कमिटी के सभागृह में इस तरह की चोरी की यह पहली घटना बताई जा रही है।
वार्ड क्रमांक 56 की शिवसेना (यूबीटी) की नगरसेविका लक्ष्मी भाटिया के बैग से 20 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत की। इस संबंध में उन्होंने महापौर, विपक्ष की नेता और स्थायी समिति के अध्यक्ष से शिकायत की। लक्ष्मी भाटिया के अनुसार उन्होंने समिति कक्ष में अपना पर्स रखा था और उसे वहीं छोड़कर भोजन के लिए चली गईं। वापस आने पर जब उन्होंने पर्स देखा तो उसकी चेन खुली हुई थी और उसमें से 20 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इस घटना के बाद बीएमसी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
लक्ष्मी भाटिया ने कहा कि स्थायी समिति को बीएमसी की तिजोरी माना जाता है। यदि वहीं ऐसी घटना हो रही है, तो सुरक्षा पर क्या भरोसा किया जाए? उन्होंने बताया कि बैठक खत्म होने के बाद सभी लोग भोजन के लिए गए थे और उस समय उनका पर्स वहीं रखा था। अंदर कुछ स्टाफ मौजूद था। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे जांचने की मांग की, लेकिन वहां कैमरे ही नहीं लगे हैं। उन्होंने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है और जांच जारी है।







