नई दिल्ली, 05 मई | घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण खरीदारों की कोशिश बेकार हो गई। सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.28 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचडीएफसी लाइफ, भारती एयरटेल, अदानी एंटरप्राइजेज, टाइटन कंपनी और टीसीएस के शेयर 0.85 प्रतिशत से लेकर 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 1.57 प्रतिशत से लेकर 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,664 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,364 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,300 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 165.68 अंक की कमजोरी के साथ 77,103.72 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक उछल कर 77,140.97 के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 76,745.16 अंक के स्तर तक गिर गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 218.03 अंक की गिरावट के साथ 77,051.37 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 66.70 अंक टूट कर 24,052.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी उछल कर 24,072.10 अंक तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इस सूचकांक ने 23,949.40 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 80.80 अंक की कमजोरी के साथ 24,038.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 355.90 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,269.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 121.75 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,119.30 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।







