Breaking News

ठाणे के गांवदेवी सब्जी मार्केट में आग लगने से १५४ दुकानें जलकर खाक, दो की मौत


शहर 21 May 2026
post

ठाणे के गांवदेवी सब्जी मार्केट में आग लगने से १५४ दुकानें जलकर खाक, दो की मौत

मुंबई, 21 मई । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गांवदेवी सब्जी मार्केट में गुरुवार को तडक़े अचानक आग लग जाने से १५४ दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में फायर ब्रिगेड के एक जवान सहित दो लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रुप से घायल हो गए। खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पा लिया है, यहां कूलिंग का काम जारी है।

ठाणे नगर निगम के डिजास्टर मैनेजमेंट ऑफिसर एस. वाई. तडवी ने मीडिया को बताया कि आज तडक़े करीब चार बजे ठाणे स्टेशन के पास मशहूर गांवदेवी सब्जी मार्केट में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर ठाणे नगर निगम के फायर डिपार्टमेंट के 5 मुख्य फायर इंजन, 3 जंबो वॉटर टैंकर, 2 अन्य वॉटर टैंकर, 4 रेस्क्यू गाडिय़ां, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (टीडीआरएफ) के कर्मचारी और डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने लगे। लेकिन आग बेकाबू होती जा रही थी, इसलिए फायर ब्रिगेड की 8 और गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरु किया। लेकिन आग बुझाते समय ठाणे नगर निगम फायर ब्रिगेड के स्टेशन ऑफिसर सागर शिंदे (43) और ठाणे नगर निगम के सुरक्षा रक्षक कालू शंकर गाडेकर (53) की आग में झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई।

आग बुझाते समय फायर ब्रिगेड के दो कर्मचारी, स्टेशन ऑफिसर सुजीत पश्ते (45) और टंडेल समीर जाधव (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन दोनों को तुरंत इलाज के लिए कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, ठाणे नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर रोडे, डिप्टी कमिश्नर जी. जी. गोडेपुरे, दिनेश तायडे, श्रीमती मिताली मैडम, चीफ फायर ऑफिसर झलके सीनियर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गांवदेवी सब्जी मार्केट में कुल १५४ दुकानें थीं, सभी दुकानें जल गई हैं। इससे छोटे व्यापारियों का बड़ा नुकसान हुआ है। ठाणे पुलिस स्टेशन की टीम घटनास्थल पर आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER