नई दिल्ली, 28 मई । उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू होगा। इससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मैदानी क्षेत्रों खासतौर पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शाम के बाद मौसम बदल सकता है। कई स्थानों पर धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
बीते कई दिनों से जारी गर्मी के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 3 से 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों से भी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।







