मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय निकायों की 16 और नागपुर की एक सीट का उपचुनाव यानी कुल 17 सीटों पर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ महायुति के सामने विपक्षी दल महाविकास आघाड़ी (मविआ) ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। सीट बंटवारे का फैसला अगले दो दिनों में घोषित किया जाएगा।
मुंबई के दादर स्थित कांग्रेस के तिलक भवन कार्यालय में बुधवार को शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इस बैंठक में कांग्रेस की ओर से पार्टी प्रदेशाध्क्ष हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, शिवसेना की ओर से अनिल परब, अंबादास दानवे, मिलिंद नार्वेकर और एनसीपी की ओर से सांसद सुप्रिया सुले, शशिकांत शिंदे मौजूद थे। इसमें चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे पर प्राथमिक चर्चा हुई।
सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है. पार्षदों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। 'पैसा फेक तमाशा देख' का दूसरा एपिसोड चल रहा है। पार्षदों को 5 लाख रुपये एडवांस देकर ठगा जा रहा है। ऐसे में मविआ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विधान परिषद का चुनाव मिलकर लड़ेगी।







