Breaking News

कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुई एक दुर्घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो गई, दूतावास ने शोक जताया


विदेश 23 June 2026
post

कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुई एक दुर्घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो गई, दूतावास ने शोक जताया

दोहा, 23 जून । कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में हुई एक दुर्घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो गई है। कतर स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

भारतीय दूतावास के अनुसार, कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दुर्घटना में घायल हुए अन्य लोगों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार किया जा रहा है। दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

दूतावास ने यह भी बताया कि मृतकों के पार्थिव शरीरों को शीघ्र भारत भेजने की प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

कतर के गृह मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित एक फैक्ट्री में संचालन के दौरान तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में विभिन्न देशों के कुल 13 लोगों की मौत हुई तथा कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद आपातकालीन और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और तलाशी अभियान भी पूरा कर लिया गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER