Breaking News

गुजरात के जूनागढ़ जिले में बनासकांठा के परिवार की कार ट्रक में घुसी


देश 11 July 2026
post

गुजरात के जूनागढ़ जिले में बनासकांठा के परिवार की कार ट्रक में घुसी

जूनागढ़, 11 जुलाई । गुजरात के जूनागढ़ जिले के मजेवड़ी गांव के पास शनिवार तड़के एक जबरदस्त सड़क हादसे में चार

लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत ज्यादा गंभीर है।

बनासकांठा का एक परिवार अपने एक परिजन की अस्थियों के विसर्जन के लिए कार से सोमनाथ जा रहा था। इसी दौरान जूनागढ़ जिले के मजेवड़ी गांव के पास फोर लेन रोड पर उनकी कार हाइवे पर खड़े एक ट्रक से टकरा गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल जूनागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में गहन उपचार दिया जा रहा है। अन्य दो घायलों का भी इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया की मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ट्रक हाइवे पर क्यों खड़ा था? हादसे के पीछे कोई अन्य कारण जिम्मेदार तो नहीं है।

इस दर्दनाक हादसे से बनासकांठा के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER