भारतीय जनता पार्टी के सांसद शशांक मणि ने आज सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने के फैसले का स्वागत किया। आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार नीट यूजी परीक्षा विवाद सहित पेपर लीक की घटनाओं को गंभीरता से ले रही है और इन्हें संगठित अपराध मानती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठा रही है और इस संबंध में व्यापक कानून लाने की दिशा में भी काम कर रही है।
इस बीच, भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई का जो आश्वासन दिया है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। संसद परिसर में आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।







