नई दिल्ली, 03 अगस्त । विली वॉल्श ने देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार सोमवार को संभाला लिया। वॉल्श एक पायलट और विमानन उद्योग के अनुभवी लीडर हैं, जिन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ (आईएटीए) के महानिदेशक का अपना कार्यकाल पूरा किया है। इंडिगो ने 31 मार्च को उन्हें अपना सीईओ नियुक्त किया था।
इंडिगो ने सोमवार को एक बयान में बताया कि वॉल्श ने कंपनी के विकास एवं वैश्विक विस्तार के अगले चरण का नेतृत्व करने के लिए सीईओ का पदभार संभाल लिया है। सीईओ के रूप में विली वॉल्श कंपनी के समग्र प्रबंधन और रणनीतिक दिशा का नेतृत्व करेंगे। वो कंपनी के वैश्विक विस्तार में तेजी लाने, परिचालन उत्कृष्टता बढ़ाने, नेटवर्क एवं वाणिज्यिक रणनीति को मजबूत करने तथा ग्राहकों के अनुभव को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देंगे।
वॉल्श ने कहा, ‘‘पिछले दो दशकों में इंडिगो ने उल्लेखनीय विरासत खड़ी की है और बहुत कम समय में दुनिया की सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में अपनी जगह बनाई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक बन रहा है। ऐसे में इंडिगो के सामने अपार अवसर हैं। मेरे लिए इंडिगो से जुड़ने का इससे बेहतर और अधिक उपयुक्त समय नहीं हो सकता।’’
इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा कि विमानन क्षेत्र में विली वॉल्श का व्यापक वैश्विक अनुभव तथा उनकी परिचालन एवं रणनीतिक विशेषज्ञता कंपनी की अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आईएटीए के महानिदेशक के तौर पर अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले वॉल्श पहले पायलट रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो एयरलाइन का 430 से अधिक विमानों का बेड़ा है। वह प्रतिदिन करीब 2200 उड़ानों का संचालन करती है।







