Breaking News

बिजनौर सुपर लीग का प्राइस लॉन्च, विजेता टीम को मिलेगी कार व रनरअप को बाइक


खेल 03 August 2026
post

बिजनौर सुपर लीग का प्राइस लॉन्च, विजेता टीम को मिलेगी कार व रनरअप को बाइक

बिजनौर, 03 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की बिजनाैर सुपर लीग (बीएसएल) क्रिकेट टूर्नामेंट की प्राइज लॉन्चिंग सेरेमनी रविवार रात चांदपुर रोड स्थित एक निजी मैरिज हॉल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में टूर्नामेंट के पुरस्कारों की घोषणा करते हुए विजेता टीम को निसान मैगनाइट कार और उपविजेता टीम को रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल देने का ऐलान किया गया। इस घोषणा के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

बीएसएल के उद्घाटन समारोह में किरतपुर चेयरमैन अब्दुल मन्नान, पूर्व चेयरपर्सन शमशाद अंसारी, जावेद भट्टे वाले, योगी जलापुर और सपा नेता ज़ाकिर हुसैन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं।

आयोजकों के अनुसार, बिजनौर सुपर लीग का ऑक्शन 6 सितंबर से शुरू होगा। टीम मालिकों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 30 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि ओनर पर्स तीन लाख रुपये रखा गया है। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। बीएसएल के आयोजक एवं सभासद मोहम्मद शारिक ने बताया कि लीग का उद्देश्य जिले के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बिजनौर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख क्रिकेट केंद्रों में स्थापित करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। प्राइज लॉन्चिंग समारोह में करीब 250 से 300 लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों, टीम मालिकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस बार का बीएसएल जिले के क्रिकेट इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER