Breaking News

कई पीढ़ियों के आत्मबलिदान से मिली आजादी, विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें : दत्तात्रेय होसबोले


देश 15 August 2026
post

कई पीढ़ियों के आत्मबलिदान से मिली आजादी, विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें : दत्तात्रेय होसबोले

कोलकाता, 15 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कोलकाता स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय केशव भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने सुबह करीब साढ़े सात बजे ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का उद्घोष किया और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में संघ के पूर्व क्षेत्र के संघचालक डॉ. जयंत राय चौधरी, सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर, पूर्व क्षेत्र के कार्यवाह दुर्गा प्रसाद साहू और पूर्व क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख डॉ. जिष्णु बसु सहित संघ के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। राममंदिर आंदोलन में बलिदान देने वाले राम-शरद कोठारी बंधुओं की बहन पूर्णिमा कोठारी की उपस्थिति भी कार्यक्रम में रही।

अपने संबोधन में दत्तात्रेय होसबोले ने स्वतंत्रता दिवस को करोड़ों भारतीयों के लिए गौरव और प्रेरणा का दिन बताया। उन्होंने कहा कि देश को सैकड़ों वर्षों की पराधीनता से स्वतंत्र कराने के लिए पिछली पीढ़ियों ने लंबे संघर्ष और अनेक बलिदान दिए। स्वतंत्रता केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि इसे सुरक्षित और मजबूत बनाए रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी भी है।

होसबोले ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक वैभव अक्षुण्ण बना रहे, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेकर काम करना होगा। उन्होंने देश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को सुरक्षित रखने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से निर्धारित विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत केवल प्रधानमंत्री का सपना नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों का साझा लक्ष्य होना चाहिए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी और देश के विकास के लिए लगातार काम करना होगा।

संघ सरकार्यवाह ने कहा कि भारत विश्व पटल पर वैभवशाली और सामर्थ्यवान राष्ट्र के रूप में उभरे तथा पूरे विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता हासिल करे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की उपलब्धियों को याद करने के साथ भविष्य के लिए संकल्प लेने का भी अवसर है।

अपने संबोधन में होसबोले ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने ऋषि अरविंद की जयंती के महत्व का भी उल्लेख करते हुए देश निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में दत्तात्रेय होसबोले ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी भारतीयों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की नीति वसुधैव कुटुंबकम की रही है और पूरे विश्व के कल्याण के लिए देश संकल्पित हो, यही इस दिन का लक्ष्य होना चाहिए।

You might also like!


RAIPUR WEATHER