Breaking News

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अब देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचेंगे : अश्विनी वैष्णव


देश 22 September 2026
post

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अब देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचेंगे : अश्विनी वैष्णव

एकता नगर , 22 सितंबर । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को अब देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य फिल्म और पर्यटन को एक साथ जोड़ना है।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के लिए केवड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस पहल की शुरुआत एकता नगर से की जा रही है, जो सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और प्राकृतिक सुंदरता के कारण देश-दुनिया में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना चुका है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के अवसर पर राष्ट्रपति, फिल्म जगत के प्रमुख कलाकारों और अन्य लोगों के एकता नगर पहुंचने से इस पर्यटन स्थल को और व्यापक पहचान मिलेगी।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को केवल एक कॉन्फ्रेंस रूम तक सीमित न रखते हुए आम जनता और वास्तविक पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी राज्यों से अपने-अपने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थलों के प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में बेहतर सुविधाओं के साथ 360 डिग्री विकास की योजना भी शामिल होनी चाहिए। जिस राज्य का प्रस्ताव चुना जाएगा, वहां के पर्यटन स्थल पर अगला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार आयोजित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 के आयोजन को देश के विभिन्न हिस्सों और राज्यों तक पहुंचाया था। उसी सोच के तहत राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को भी देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाया जा रहा है। इससे फिल्म और पर्यटन के बीच संबंध मजबूत होंगे और संबंधित पर्यटन स्थल को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER