मुंबई, 29 सितंबर । शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 4 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त मोर्चा निकाला जाएगा। इस मोर्चे में सभी पार्टियों को शामिल होने की अपील की गई है।
यह जानकारी शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में दी है। राज ठाकरे ने कहा कि चार अक्टूबर को सुबह दस बजे पार्टी के कार्यकर्ता भायखला से मोर्चे के लिए निकालेंगे। इसके बाद मोर्चा भायखला जेजे मार्ग, डोंगरी से होते हुए मुंबई नगर निगम के कार्यालय तक पहुंचेगा। यह मोर्चा सार्वजनिक सभा में तब्दील हो जाएगा। राज ठाकरे ने इस मोर्चे में सभी राजनीतिक दलों और लोगों को शामिल होने का आह्वान किया गया है। लेकिन इस मोर्चे में किसी भी दल का झंडा नहीं रहेगा, सिर्फ लोगों के हाथों में तिरंगा ही रहेगा।
राज ठाकरे ने कहा, "यह इलेक्शन कमीशन के खिलाफ मोर्चा है। हम कई वर्षों से इन मुद्दों पर बात कर रहे हैं। 2017-18 में भी मैं कई नेताओं से इस विषय पर मिला था। उस समय ईवीएम मशीनों को लेकर चर्चा हुई थी। 4 अक्टूबर को इस मुद्दे पर विस्तार से बात करेंगे।"
शिवसेना यूबीटी ने अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि वर्तमान चुनाव आयोग की भूमिका लोकशाही के लिए मारक बन गई है। चुनाव आयोग के खिलाफ लगभग सभी विपक्षी दल आंदोलन कर रहे हैं। सीजेपी की ओर से दो अक्टूबर को मोर्चा निकालने की तैयारी की जा रही है। उनकी पार्टी इस मोर्चे को पूरा समर्थन करेगी। उद्धव ठाकरे ने कहा कि चुनाव आयोग के विरोध में सभी राजनीतिक दलों को साथ आना चाहिए।







