मुंबई, 22 अक्टूबर। महाराष्ट्र अऩ्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई के चार खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। उनके लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। जांच के दौरान कई खामियां पाई गई थीं।
एफडीए अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि रसोई में अत्यधिक गंदगी, जाम ड्रेनेज लाइन और जंग लगे बर्तन थे। ग्राहकों द्वारा प्लेट में छोड़े गए पाव को दोबारा ताजे स्टॉक में मिलाकर ग्राहकों को परोसा जा रहा था। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है, उनमें बोरीवली का अरेबियन शावर्मा कैफे एंड फास्ट फूड, नाथ फास्ट फूड, माहिम स्थित नायर ऑन फायर क्लाउड किचन और बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन शामिल हैं।
बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन में स्थिति बेहद बदतर पाए जाने के कारण उसे कारोबार बंद करने का नोटिस थमा दिया गया है। जांच में कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र नदारद मिले, तापमान का कोई रिकॉर्ड नहीं था और मिठाइयों में अमानक रंगों की मिलावट भी पकड़ी गई। कांदिवली पूर्व और पश्चिम में भी एफडीए की टीम ने रंगीन खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की है। कांदिवली पूर्व के श्री सद्गुरु फूड्स से बासी और हानिकारक रंग मिले आलू वेफर्स, शेव और चिवड़ा जब्त किया गया। वहीं कांदिवली पश्चिम के श्री गणेश फरसाण एंड स्वीट मार्ट में रंगयुक्त जलेबी और हलवा मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
राज्यव्यापी धरपकड़ के तहत भिवंडी के ओवली गांव स्थित विराज एंटरप्राइजेज में बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। यहां से 1.27 करोड़ रुपए मूल्य का खाद्य तेल और चाय पत्ती जब्त की गई। प्रयोगशाला जांच में खुलासा हुआ कि जिसे जैतून तेल बताकर बेचा जा रहा था, जबकि वह मूंगफली का तेल था। इसी तरह पुणे, संभाजीनगर और विदर्भ में भी कार्रवाई की गई है।







