Breaking News

विधान भवन की फर्जी प्रवेश पत्रिका देने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार


शहर 27 March 2026
post

विधान भवन की फर्जी प्रवेश पत्रिका देने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 27 मार्च । महाराष्ट्र के मुंबई में विधान सभा के बजट सत्र के दौरान फर्जी प्रवेश पत्रिका देने के आरोप के तहत पुलिस ने शुक्रवार को पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोतियों में मंत्रालय के दो और विधान भवन के दो लोग शामिल हैं। इस मामले की छानबीन मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि बजट सत्र के दौरान फर्जी प्रवेश पत्रिका का इस्तेमाल कर विधान भवन में घुसने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपित दत्तात्रेय गुंजाल ने फर्जी प्रवेश पत्रिका पर लिखा था कि वह मुख्यमंत्री कार्यालय में सलाहकार है। इस मामले में मंत्रालय से दो और विधान भवन से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। आरोपितों में दत्तात्रेय गुंजाल (53), चपरासी गणपत भाऊ जवाले (50), नागेश शिवाजी पाटिल (42), क्लर्क मनोज आनंद मोरबले (40) और स्वप्निल रमेश तायडे (40) शामिल हैं, जबकि मंत्रालय के महेश डुमपलवार और लवेश शंकर नकाटे फिलहाल फरार हैं।

उल्लेखनीय है कि विधान भवन में बम की धमकी मिलने के बाद विधान भवन में एंट्री के नियम सख्त कर दिए गए थे। उसी समय विधायक अमोल मिटकरी ने विधान भवन में एंट्री के लिए बेचे जा रहे फर्जी पास का मुद्दा उठाया था। विधायक अमोल मिटकरी ने विधानसभा को बताया था कि 2000 से 5000 रुपये में फर्जी प्रवेश पत्रिका बेचे जा रहे थे। इसके बाद उद्योग मंत्री उदय सामंत ने इस मामले की छानबीन किए जाने का अधिकारियों को निर्देश दिया था। इसके बाद आज मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन की टीम ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है और दो आरोपितों की तलाश कर रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER