Breaking News

आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा ने ऑरेंज कैप पर फिर जमाया कब्जा , पर्पल कैप रेस में तीसरे स्थान पर पहुंचे रबाडा


खेल 04 May 2026
post

आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा ने ऑरेंज कैप पर फिर जमाया कब्जा , पर्पल कैप रेस में तीसरे स्थान पर पहुंचे रबाडा

नई दिल्ली, 04 मई । रविवार को खेले गए डबल-हेडर मुकाबलों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस और रोमांचक हो गई है। इस दिन जहां सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को क्रमशः कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, वहीं व्यक्तिगत प्रदर्शन ने अंकतालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया।

ऑरेंज कैप: अभिषेक शर्मा फिर बने नंबर-1

ऑरेंज कैप की रेस में एक बार फिर अभिषेक शर्मा ने बाजी मार ली है। केकेआर के खिलाफ उन्होंने भले ही सिर्फ 15 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद वह कुल 440 रन के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के केएल राहुल (433 रन) को पीछे छोड़ दिया, जो अब दूसरे स्थान पर हैं।

तीसरे स्थान पर हेनरिक क्लासेन (425 रन) बने हुए हैं, जिन्हें इस मुकाबले में बड़ा स्कोर करने का मौका नहीं मिला। चौथे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के वैभव सूर्यवंशी (404 रन) हैं।

इस सूची में नया नाम गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन का जुड़ा है, जिन्होंने 41 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेलकर अपने कुल रन 385 तक पहुंचा दिए और टॉप-5 में एंट्री कर ली।

इसके अलावा ईशान किशन ने 42 रन की पारी खेलकर 354 रन के साथ नौवें स्थान पर जगह बना ली है, जबकि ट्रेविस हेड ने 28 गेंदों में 61 रन बनाकर 12वें स्थान पर छलांग लगाई।

पर्पल कैप: रबाडा की जबरदस्त वापसी, तीसरे स्थान पर पहुंचे

गेंदबाजी में कगिसो रबाडा शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले छह मैचों में 12 विकेट झटके हैं और कुल 16 विकेट के साथ पर्पल कैप की रेस में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के भुवनेश्वर कुमार और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अंशुल कंबोज से सिर्फ एक विकेट पीछे हैं, जो फिलहाल संयुक्त रूप से शीर्ष पर काबिज हैं।

वहीं प्रसिद्ध कृष्णा इस मैच में नहीं खेले, ईशान मलिंगा को कोई विकेट नहीं मिला, जबकि राशिद खान सिर्फ एक विकेट ही ले सके।

मोहम्मद सिराज और कार्तिक त्यागी ने जरूर दो-दो विकेट लेकर अपने कुल विकेट 11 तक पहुंचा दिए हैं, जिससे वे टॉप-10 में बने हुए हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER