Breaking News

रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रियों के साथ ‘झालमुड़ी’ और ‘रसगुल्ला’ के साथ मनाया भाजपा की जीत का जश्न


देश 04 May 2026
post

रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रियों के साथ ‘झालमुड़ी’ और ‘रसगुल्ला’ के साथ मनाया भाजपा की जीत का जश्न

नई दिल्ली, 04 मई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में पश्चिम बंगाल सहित विधानसभा चुनावों के पार्टी पक्ष में आ रहे रुझानों के दौरान आज ‘झालमुड़ी’ और ‘रसगुल्ला’ के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने साथी मंत्रियों को ‘झालमुड़ी’ और ‘रसगुल्ला’ खिला कर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जश्न मनाया। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की झालमुड़ी, रसगुल्ले की मिठास और भाजपा की जीत जश्न मुख्यमंत्री और अपने सहयोगियों के साथ मनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने यह ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है। यह जीत उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है। सूद ने कहा कि यह विजय जनता के विश्वास, समर्पण और विकास के संकल्प की जीत है।

लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने इंडी गठबंधन की हकीकत देश के सामने रख दी है। बंगाल की जनता ने हिंसा, अराजकता और तुष्टिकरण की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। यह जनादेश विकास, स्थिरता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रमाण है।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि बंगाल के लोग बेहद बहादुर और सूझबूझ वाले हैं। वे कभी भी जल्दबाजी में फैसला नहीं लेते, बल्कि सोच-समझकर निर्णय करते हैं और इस बार भी उन्होंने वही किया है। बंगाल की जनता जानती है कि राज्य के विकास और स्थिरता के लिए भाजपा ही एक सार्थक विकल्प है और वही असली बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि यहां के जो हालात बिगड़े हुए हैं, उन्हें सुधारने का भरोसा अब भाजपा की सरकार से है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सनातन विरोधियों की पराजय हुई, जनादेश स्पष्ट है कि हिंदुओं का अपमान करके कोई सत्ता में नहीं रह पाएगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER