Breaking News

मिसिंग लिंक पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन जारी, एक हफ्ते में 204 वाहनों पर कार्रवाई


शहर 08 May 2026
post

मिसिंग लिंक पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन जारी, एक हफ्ते में 204 वाहनों पर कार्रवाई

मुंबई, 08 मई। महाराष्ट्र के मुंबई–पुणे एक्सप्रेस वे पर शुरू हुई मिसिंग लिंक सेवा को एक सप्ताह पूरा होने के बावजूद लोगों का आकर्षण कम होता नजर नहीं आ रहा है। अब भी कई वाहन चालक मिसिंग लिंक पर गाड़ियां रोक रहे हैं। फोटो खींच रहे हैं और वीडियो व रील्स बना रहे हैं। इस दौरान हाइवे पुलिस ने एक सप्ताह में 204 वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है।

लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी मिसिंग लिंक

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (एमएसआरडीसी) ने 13.3 किलोमीटर लंबी मिसिंग लिंक का निर्माण किया है। इसके शुरू होने से खोपोली–कुसगांव और कुसगांव–खोपोली के बीच यात्रा अब कुछ ही मिनटों में पूरी हो रही है। इससे करीब 6 किलोमीटर दूरी और लगभग 30 मिनट का समय बच रहा है। साथ ही एक्सप्रेस वे पर लगने वाला ट्रैफिक जाम भी काफी हद तक कम हुआ है। दूसरी ओर, पहाड़ों और घाटियों के बीच से गुजरने वाली यह मिसिंग लिंक वाहन चालकों और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। खासकर केबल-स्टेड ब्रिज को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। कई लोग पुल पर वाहन रोककर सेल्फी ले रहे हैं, तस्वीरें खींच रहे हैं और सोशल मीडिया के लिए वीडियो व रील्स बना रहे हैं।

हाइवे पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती

मिसिंग लिंक शुरू होने के बाद से ही हाईवे पुलिस के सामने वाहनों को रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियंत्रण रखने की चुनौती बढ़ गई है। पुलिस ने 1 मई से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि सात दिन बीत जाने के बाद भी नियम तोड़ने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

हाइवे पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 122 और 119 के तहत 204 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इनमें सुरंग और पुल पर वाहन रोकने वालों की संख्या सबसे अधिक रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन रोकना और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना न केवल अपराध है, बल्कि इससे खुद की और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक और यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।

You might also like!


RAIPUR WEATHER