मुंबई, 21 अगस्त । मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार तडक़े एक हाइड्रोलिक क्रेन के गिरने से 10 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महीने का बच्चा भी शामिल है। हादसे में रेलवे के हाई-टेंशन बिजली के तार, पास की झुग्गियां, ह्माडा की कंपाउंड वॉल और वहां खड़ी तीन-चार गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना की छानबीन कुर्ला पुलिस कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को तडक़े करीब 2.40 बजे कुरैशी नगर स्थित भंडारी मेटलर्जी की बिल्डिंग नंबर 1 के पास 17 मंजिला इमारत को गिराने की तैयारी के लिए हाइड्रोलिक क्रेन लाई गई थी। क्रेन को साइट पर स्थापित करते समय वह असंतुलित होकर पास की इमारत की ओर गिर गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरु कर दिया है। इस घटना में दस लोग घायल हो गए।
घायलों में जगरुल्ला नबी मोहम्मद खान (63), अहमद नियाज़ अहमद (3 महीने), अतीकुर रहमान (60), हकूम शेख (36), नुमान खान (21), रहमान खान (19), सूरज गौर (10) और अकबर (40) को सायन अस्पताल में इलाज के लिए लिए भर्ती करवाया गया। जबकि राजू गौड़ (35) और आरती गौड़ (30) का इलाज कुर्ला भाभा अस्पताल में हो रहा है।
एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे के बाद क्रेन को हटाने के लिए मशीनरी और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है और सुरक्षा के आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे है। मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि क्रेन का एक हिस्सा कुर्ला-ट्रॉम्बे सिंगल-लाइन सेक्शन पर लगे हाई-टेंशन बिजली के तारों पर जा गिरा। हालांकि, इस घटना से यात्री ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई, क्योंकि इस रेल सेक्शन का मुख्य रूप से मालगाडिय़ों के लिए इस्तेमाल होता है। तारों को दुरुस्त करने का काम जारी है।







