Breaking News

महाराष्ट्र पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कुत्तों की आजीवन देखभाल करेगी सरकार


शहर 22 August 2026
post

महाराष्ट्र पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कुत्तों की आजीवन देखभाल करेगी सरकार

मुंबई, 22 अगस्त । महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके कुत्तों की देखभाल आजीवन पुलिस विभाग को ही करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत अब ड्यूटी से सेवानिवृत्त होने के बाद इन कुत्तों को किसी तीसरे पक्ष को गोद देने के बजाय उनके पुराने हैंडलर्स के साथ ही रखा जाएगा और उनकी देखभाल का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर लिए गए इस फैसले के तहत रिटायर पुलिस डॉग्स पुलिस विभाग की जिम्मेदारी में रहेंगे। उनके भोजन, आवश्यक चिकित्सा उपचार और रहने-सहने समेत अन्य खर्च गृह विभाग वहन करेगा। मौजूदा व्यवस्था में पुलिस के कुत्ते करीब 10 वर्ष की सक्रिय सेवा के बाद रिटायर होते हैं। सेवा के दौरान वे संदिग्धों का पता लगाने, विस्फोटकों की पहचान करने और लापता लोगों की तलाश जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में पुलिस की मदद करते हैं।

पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें आमतौर पर बाहरी लोगों को गोद देने की व्यवस्था थी। लेकिन लंबे समय तक साथ रहने वाले हैंडलर और परिचित माहौल से अचानक अलग होने पर इन कुत्तों को कई बार मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। कुछ मामलों में रिटायरमेंट के बाद कुत्तों के खाना-पीना छोड़ देने की घटनाएं भी सामने आई हैं। राज्य प्रशासन के अनुसार, जिसने करीब एक दशक तक पुलिस बल की सेवा की, उसे रिटायरमेंट के बाद परेशानी नहीं होनी चाहिए। नई नीति का उद्देश्य पुलिस डॉग्स को सम्मानजनक रिटायरमेंट देना और उनके हैंडलर्स के साथ बने भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखना है। सरकार के इस फैसले से महाराष्ट्र पुलिस के रिटायर कुत्तों को जीवनभर सुरक्षित और परिचित माहौल में देखभाल मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER