Breaking News

डीआरआई ने देशभर में 740 किलो मादक पदार्थ जब्त किए, 13 गिरफ्तार


देश 09 September 2026
post

डीआरआई ने देशभर में 740 किलो मादक पदार्थ जब्त किए, 13 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 09 सितंबर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में देशभर में आठ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 740 किलोग्राम गांजा, हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक कैनबिस और चरस जब्त की है। इन मामलों में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि जब्त मादक पदार्थों में 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक कैनबिस तथा पांच किलोग्राम चरस शामिल है।

डीआरआई अधिकारियों ने 8 सितंबर को रायपुर के निकट ओल्ड धमतरी रोड पर विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रकों के लोडिंग एरिया में रखी 10 बोरियों में छिपाए गए 61 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 375.95 किलोग्राम गांजा मिला। दोनों ट्रकों को जब्त कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले 26 अगस्त को रायपुर के निकट एक ट्रक से करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पांच और छह सितंबर को एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने पटना के निकट औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक का पीछा कर उसे रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला भी किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी में चालक के केबिन के पीछे बने गुप्त कक्ष से 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एक और कार्रवाई में एक-दो सितंबर को पंजाब के लुधियाना के पास एक कार से लगभग 69 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। यह मादक पदार्थ वाहन के फर्श में बनाए गए विशेष गुप्त खांचों में छिपाकर रखा गया था। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

तीन सितंबर को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों की तलाशी के दौरान करीब पांच किलोग्राम चरस बरामद की गई। जांच में संकेत मिले कि इसे नेपाल से तस्करी कर लाया गया था। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पिछले 15 दिनों के दौरान हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर वियतनाम के हनोई तथा थाईलैंड के बैंकॉक से आए यात्रियों के पास से अलग-अलग कार्रवाई में लगभग 24.6 किलोग्राम हाई-पोटेंसी कैनबिस भी जब्त की गई। इन मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

डीआरआई ने कहा कि एजेंसी सड़क, रेल और हवाई मार्गों के जरिए की जा रही मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखे हुए है और ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान जारी रहेगा।

You might also like!


RAIPUR WEATHER